*जिसकी हत्या का चल रहा मुकदमा, वह है जिंदा !*
*जांच रिपोर्ट व तथाकथित मृतका को कोर्ट में पेश करने का एसपी को आदेश*
*हत्याकांड की मृतका खुद को जीवित बताते हुए हाईकोर्ट में दायर की थी याचिका*
जौनपुर- केराकत थाना क्षेत्र के टड़वा गांव निवासी प्रतिमा यादव की हत्या का मुकदमा कोर्ट में चल रहा है लेकिन वह जिंदा है । महिला ने स्वयं को जीवित बताते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर किया था। हाई कोर्ट ने पुलिस अधीक्षक को महिला का बयान लेने तथा जांच का आदेश दिया था।आदेश का पालन न होने पर अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय मनोज कुमार सिंह गौतम ने पुलिस अधीक्षक को मामले की जांच कर रिपोर्ट देने तथा तथाकथित मृतका प्रतिमा को 24 जून को कोर्ट में पेश करने का आदेश दिया है।
विदित हो कि राहुल यादव निवासी टड़वा ने थाना केराकत में प्राथमिकी दर्ज कराया था कि उसकी बहन प्रतिमा यादव की अरविंद आदि ने हत्या कर लाश गायब कर दिया ।बाद में बरसठी थाना अंतर्गत एक युवती की लाश मिली। जिसकी शिनाख्त प्रतिमा के रूप में उसके परिवार वालों ने किया। बाद में पुलिस विवेचना में मडियाहूं थाना क्षेत्र निवासी कड़ेदीन आदि के खिलाफ प्रतिमा की हत्या के आरोप में चार्ज शीट कोर्ट में दाखिल हुई। उधर प्रतिमा यादव ने किसी युवक से शादी कर लिया था तथा प्रतिमा ने हाईकोर्ट में स्वयं के जिंदा रहने के संबंध में याचिका दायर किया जिस पर हाईकोर्ट ने 3 जुलाई 2014 को पुलिस अधीक्षक को मामले की जांच करने एवं प्रतिमा का बयान वगैरह लेने का आदेश दिया ।पुलिस द्वारा विवेचना की गई। वर्तमान में स्टेट बनाम कड़ेदीन मुकदमा जो प्रतिमा की हत्या से संबंधित है वह अपर सत्र न्यायाधीश की कोर्ट में विचाराधीन है। पत्रावली साक्ष्य में नियत है। कोर्ट ने पत्रावली के अवलोकन में पाया कि हाईकोर्ट के आदेश का अनुपालन पुलिस अधीक्षक द्वारा अभी तक नहीं किया गया है जिस पर उन्होंने जांच कर संपूर्ण कार्यवाही की रिपोर्ट व प्रतिमा यादव को कोर्ट में पेश करने का एसपी को आदेश दिया ।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
have any doutes. please let me