प्रतापगढ़
सरकारी भूमि पर कब्जे को लेकर फायरिंग
पट्टी नगर पंचायत क्षेत्र के रायपुर रोड स्थित खाली पड़ी सरकारी भूमि पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। इस दौरान हवाई फायरिंग से लोगों में दहशत फैल गई।
नगर पंचायत के वार्ड नंबर आठ में वन विभाग के कार्यालय के निकट नहर विभाग की 18 बिश्वा भूमि अभिलेखों में दर्ज है। इस जमीन पर कब्जे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। कुछ लोगों ने इस पर 2 माह पूर्व भी दीवार खड़ी करने का प्रयास किया था। बाद में इस काम को आक्रोश बढ़ने के बाद रोक दिया गया था। इसको लेकर प्रशासन भी सजग हुआ था।
रविवार की सुबह जो लोग पहले से ही इस जमीन पर कब्जा करना चाह रहे थे कुछ बाहरी लोगों के साथ मौके पर पहुंच गए और वहां पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया। इस बात की जानकारी जब मोहल्ले के लोगों के साथ उन लोगों को हुई जो लोग निर्माण कार्य का विरोध कर रहे थे, सभी लोग मौके पर पहुंच गए। मामला तनातनी के बीच मारपीट तक पहुंच गया। इसी बीच विवाद बढ़ा तो मारपीट होने के साथ हवाई फायरिंग भी कर दी गई। इससे लोग भड़क गये। आक्रोश बढ़ा तो फायरिंग करने वाले लोग यहां से जान बचाकर भागे इस दौरान एक बाइक मौके पर खड़ी पाई गई तो लोगों ने अपना पूरा गुस्सा बाइक पर ही उतार दिया। उसे तोड़कर चकनाचूर कर दिया गया। घटना के बाद सूचना पर पुलिस पहुंची और मामले की पड़ताल की तथा तोड़ी गई बाइक को उठाकर कोतवाली उठा लाई। घटना से तनाव बना हुआ है। दोनों पक्षों ने देर शाम तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी थी। उप जिलाधिकारी पट्टी रतिभान वर्मा ने बताया कि नहर विभाग की 18 बिश्वा भूमि अभिलेखों में दर्ज है। जबकि इंस्पेक्टर कोतवाली आदित्य कुमार सिंह ने बताया कि बवाल की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी, लेकिन वहां पर कोई नहीं मिला, ना ही दोनों पक्षों की ओर से तहरीर ही दी गई है। फिर भी मामले का संज्ञान लिया गया है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
have any doutes. please let me