Blog

मंगलवार, 17 जनवरी 2017

बृजेश पाण्डेय

शिक्षकों ने बैंक शाखा पर किया प्रदर्शन लगाया पैसा हड़पने का आरोप

प्रबंधक के खाते से निकल गए 3 लाख 26 हजार रुपए। तीन दर्जन शिक्षकों ने बंद कर दिए  बैंक से अपने खाते।
✍�बृजेश पाण्डेय
मुंगराबादशाहपुर (जौनपुर) ।  नगर स्थित आई सी आई सी बैंक शाखा पर सोमवार दोपहर एक निजी विद्यालय के शिक्षकों ने वेतन की धनराशि हड़पने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। वेतन न मिलने से नाराज तीन दर्जन शिक्षकों ने  बैंक में अपने खाते बंद कर दिए। बैंक के विरुद्ध नारे लगाए। आरोप है कि विद्यालय के प्रबंधक के खाते में शिक्षकों के वेतन के लिए जमा 3 लाख 26 हजार रुपए मनमाने ढंग से खाताधारक को बताए बगैर कर्मचारी भविष्य निधि के अधिकारियों को डी डी  बनाकर दे दिया गया।

क्षेत्र के विज्ञान संजीवनी सेंट्रल कॉलेज कोदहूं के शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों ने हाथ में नारे लिखे हुए तख्तियां लेकर बैंक शाखा पर धरना प्रदर्शन किया नारे लगाए। आरोप है कि बैंक प्रबंधक ने मनमाने ढंग से  शिक्षकों के वेतन हेतु विद्यालय के खाते में जमा धनराशि 3 लाख 26 हजार रुपए विद्यालय के  प्रबंधक की अनुमति के बिना कर्मचारी भविष्य निधि के अधिकारियों को 9 जनवरी को डी डी बनाकर दे दिया तथा विद्यालय का खाता खाली कर दिया। जिसके कारण ग्रामीण क्षेत्र में बने इस विद्यालय के शिक्षकों को वेतन भुगतान नहीं मिल पाया। शिक्षकों का कथन है कि उनका कर्मचारी भविष्य निधि के लिए कोई धनराशि बकाया नहीं है। जो कर्मचारी भविष्य निधि के दायरे में आते हैं उनकी कर्मचारी निधि का फंड जमा कर दिया गया है। शिक्षकों का आरोप है कि कर्मचारी भविष्य निधि के अधिकारियों की मिलीभगत से बैंक प्रबंधक ने विद्यालय के खाते में जमा शिक्षकों के वेतन की धनराशि असंवैधानिक रूप से हड़प लिया। प्रदर्शन में प्रबन्धक सूर्य प्रकाश पाण्डेय,प्रधानाचार्य पंकज खन्ना, सुशील मिश्रा, रत्ना पांडेय, निधि शर्मा ,आकृति श्रीवास्तव ,सीमा शुक्ला, मकसूदा बेगम आदि शामिल रहे। इस संदर्भ में पूछे जाने पर शाखा प्रबंधक का कार्य भार देख रहे प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि कर्मचारी भविष्य निधि कार्यालय से बैंक को पत्र जारी किया गया है कि विद्यालय के खाते में जमा धनराशि को तत्काल ड्राफ्ट बनाकर कार्यालय को प्रेषित किया जाय इसलिए उक्त आदेश का अनुपालन किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

have any doutes. please let me