डॉ ए के यादव
सिंगरामऊं - -गर्मी की शुरुआत में ही बदलापुर ब्लॉक में पानी के लिए ग्रामीणों का संघर्ष शुरू हो गया है। पहले से ही ड्राइजोन में शुमार बदलापुर ब्लॉक ग्रामीण अंचलों में भू-जल स्तर इस बार रिकॉर्ड 70 फिट नीचे खिसक चुका है। वाटर लेबल में भारी गिरावट आने से अधिकांश हैंडपंप हवा फेंकने लगे हैं। वहीं जलनिगम विभाग में अमले की बेहद कमी और लचर संसाधनों के चलते गांवों में खराब हैंडपंप नहीं सुधर पा रहे हैं। इसलिए ग्रामीण अंचल में पानी की समस्या खड़ी हो गई है। वर्तमान में दर्जनों गांव ऐसे हैं, जहां अधिकांश हैंडपंप खराब हैं। इनमें कुछ गांव में जल संकट के हालात और भी विकट हो गए हैं। प्यास बुझाने लायक पानी के इंतजाम के लिए ग्रामीणों को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। उधर जलनिगम एवं प्रशासन के अधिकारी ग्रामीणों को पानी उपलब्ध कराने के लिए हर संभव कोशिश में जुटे होने की बात कह रहे हैं। बदलापुर ब्लॉक का जल संकट के साथ चोली-दामन जैसा साथ रहा है। प्रशासन द्वारा पेयजल की उपलब्धता के लिए करोड़ों रुपए की राशि खर्च की जा चुकी है। लेकिन हालात नहीं सुधरे।बदलापुर ब्लॉक में वाटर लेबल तेजी से बैठ रहा है। अप्रेल के महीने में वाटर लेबल 60 से 70 फिट पर है। यही कारण है कि लोगों का पूरा दिन पानी की व्यवस्था करने में गुजर रहा है। हालांकि ग्रामीण जनप्रतिनिधियों से शिकायत भी कर चुके हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। विभाग द्वारा हैंडपंपों के संधारण के नाम पर कागजी खानापूर्ति की जा रही है। क्षेत्र के मेढ़ा, डड़ारी, बघाड़ी, अनुसार, लारपुर, जमऊपट्टी, रतासी बहरीपुर, जगदीशपुर, महमूदपुर, कछौरा, घाघरपारा, महदा, बर्रैया, नकहरा खानदेव सहित अधिकांश गॉवों में हैंडपंप खराब होने के कारण लोगों को पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि भूजल स्तर गिरने के कारण हैंडपंपों से कम पानी निकलता है। इसमें भी दो -तीन लोगों को मिलकर हत्था चलाना पड़ता है, तब जाकर मुश्किल से पानी ऊपर आता है। तथा कुछ नलों से तो कीचड़युक्त दुर्गन्धित पानी निकलता है। इस बावत एक्सइएन जलनिगम जौनपुर एम आई अंसारी से बात की गयी तो उन्होंने कहा कि हैंडपंप मरम्मत का काम पंचायत का है जिसमें आधा खर्च लाभार्थी को वहन करना पड़ता है शेष पंचायत के जिम्मे रहता है रही बात रिबोर की तो सूचना एंव प्रस्ताव मिलने पर हम रिबोर कराते हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
have any doutes. please let me