Blog

मंगलवार, 25 अप्रैल 2017

नगर निगम चुनाव में रविवार को हुये मतदान का परिणाम कल

दिल्ली नगर निगम चुनाव में रविवार को हुये मतदान का परिणाम कल आ जायेगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतगणना की तैयारियां मुकम्मल कर ली हैं।

चुनाव में प्रमुख दावेदार दल भाजपा, आप और कांग्रेस के बीच हुए त्रिकोणीय संघर्ष में हार जीत का फैसला कल की मतगणना में हो जायेगा।

राज्य निर्वाचन आयुक्त एसके श्रीवास्तव ने मतगणना की तैयारियां पूरी कर लिये जाने की जानकारी देते हुये बताया कि तय कार्ययोजना के मुताबिक मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हो जायेगी। उन्होंने बताया कि सीलबंद ईवीएम मतगणना स्थलों पर पहुंचा दी गयी हैं। इसके लिये 35 मतगणना केन्द्र बनाये गये हैं। श्रीवास्तव ने कहा कि ‘‘हम मतगणना के लिये पूरी तरह तैयार हैं।’’ रविवार को 53.58 प्रतिशत मतदान हुआ था जो कि साल 2012 के चुनाव में हुये मतदान से थोड़ा ज्यादा रहा। चुनाव के तीनों प्रमुख दावेदार भाजपा, आप और कांग्रेस, अपने पक्ष में चुनाव परिणाम आने का दावा कर रहे हैं। इस बीच मतदान के बाद हुये एक्जिट पोल में चुनाव परिणाम में भाजपा को अप्रत्याशित जीत मिलने की संभावना जतायी गयी है।

जानकारों की राय में निगम चुनाव का परिणाम दिल्ली के सियासी भविष्य को तय करने वाला साबित होगा। एक तरफ दो साल पहले हुये विधानसभा चुनाव में 67 सीट जीतने वाली आप के लिये निगम चुनाव परिणाम पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल के जनाधार की मजबूती को तय करेगा, वहीं कांग्रेस और भाजपा के लिये चुनाव का परिणाम दिल्ली में खोई जमीन वापस पाने का पैमाना बनेगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

have any doutes. please let me