Blog

गुरुवार, 15 दिसंबर 2016

रामसेवक विश्वकर्मा

प्रतापगढ़

एसबीआइ में भगदड़, आधा दर्जन घायल

संग्रामगढ़,  नोट बंदी अब लोगों को ज्यादा परेशान कर रही है। जरूरत के रुपये न मिलने में लोगों में आक्रोश तो पनप ही रहा है साथ ही बैंकों में भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो रही है। बुधवार को जनपद की दो शाखाओं में बैंक खुलते ही अंदर जाने की जिद्दोजहद में मची अफरातरफरी और भगदड़ में करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। संग्रामगढ़ स्टेट बैंक की शाखा में भगदड़ में महिला का हाथ टूट गया है। तीखी आवाज संवाददाता डॉ . राम सेवक विश्वकर्मा से बातचीत में महिला ने बताया  उसे अंदरूनी चोटें भी आई हैं। गंभीर रूप से घायल एक महिला को सीएचसी संग्रामगढ़ में भर्ती कराया गया।

संग्रामगढ़ कस्बा स्थित स्टेट बैंक की शाखा में पैसा निकालने के लिए बुधवार को सुबह से लोगों की लंबी लाइन लगी हुई थी। सुबह दस बजे जब बैंककर्मी पहुंचे तो भारी भीड़ देख मुख्यद्वार पर लगा चैनल पूरा खोल दिया। इससे लाइन में लगे लोगों के बीच जल्द अंदर पहुंचने को लेकर भगदड़ हो गई। इसमें करीब आधा दर्जन लोगों को चोटें आई। मजीजन का पुरवा गांव निवासी मालती देवी(55) पत्नी सुखई इस भगदड़ में गंभीर रूप से घायल हो गई। उनका दाहिना हाथ टूट गया। साथ रहे
लोग उन्हें उपचार के लिए सीएचसी संग्रामगढ़ ले गए। वैसे घायल होने के बाद भी उन्हें बैंक से पैसा नहीं दिया गया।

भगदड़ में गिरा वृद्ध, गंभीर

बाघराय, प्रतापगढ़: बाघराय थाना क्षेत्र के लाल साहब का पुरवा गाव निवासी महादेव पुत्र बुद्धन पैसा निकलने बैंक आफ बड़ौदा शाखा पचमहुआ गया हुआ था। वहां पर लंबी लाइन लगाने के बाद आखिर दो हजार रुपये तो मिल गए, लेकिन इस बीच बैंक में भगदड़ मच गई। अफरातफरी में वह जमीन पर गिर गया। इससे उसको गंभीर चोट आई। बैंक में मौजूद लोगों ने उसे इलाज के लिए स्थानीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। ग्रामीण बैंक देवरपट्टी में ग्राहकों को कैश न मिलने पर दिन भर हंगामा होता रहा।

एसबीआइ में महिला गश खाकर गिरी

बाबागंज, प्रतापगढ़ : एसबीआइ बाबागंज की शाखा मे गुजवर निवासी शकीला बानो पत्नी मुख्तार अहमद पैसा निकालने आई हुई थी। यहां पर भीड़ मे बैंक के अंदर गश खाकर गिर पड़ी। बैंक पर तैनात सिपाही पंकज यादव और अभय यादव ने महिला को भीड़ से बाहर निकालकर पानी का छींटा मारा। थोड़ी देर बाद महिला को होश आया। बाबागंज बाजार स्थित

स्टेट बैंक में भी भारी भीड़ जमा रही। यहां जरुरत पर पैसा न मिलने पर भीड़ ने जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया। यहां सुबह से लाइन में सैकड़ों लोग खड़े थे। सुबह करीब दस बजे जैसे ही बैंक का चैनल खुला वैसे ही लोगों धक्का मुक्की करते घुसने लगे।

पैसा निकालने गई चार महिलाएं अचेत

कुंडा, प्रतापगढ़: नवाबगंज थाना क्षेत्र के लाला बाजार स्थित ग्रामीण बैंक में बुधवार को पैसा निकालने के लिए भारी भीड़ लगी थी। हालात यह थी कि यहां किसी को पैर रखने की जगह नही थी। इसी बीच पैसा निकालने के लिए आई शकुंतला देवी पत्नी जमुना प्रसाद, राजकली पत्नी रामराज, कलावती पत्नी छेंदीलाल व प्रभावती निवासीगण बेनू राम का पुरवा गश खाकर गिर पड़ी। उन्हें लोगों ने स्थानीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। इस दौरान लोगों का जमावड़ा लगा रहा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

have any doutes. please let me