पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के बाद चार में भाजपा की सरकार बनती दिख रही है। यूपी और उत्तराखंड में जहां भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला है, वहीं गोवा में पार्टी ने सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। मणिपुर में कोशिश जारी है। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा ने यहां भी जरूर विधायक जुटा लिए हैं।
गोवा में पर्रिकर होंगे सीएम
गोवा विधानसभा में दूसरे नंबर की पार्टी होने के बावजूद भाजपा राज्य में फिर से सरकार बनाने जा रही है। इस क्रम में मनोहर पर्रिकर केंद्र की मोदी सरकार से इस्तीफा देंगे। इसकी पुष्टि करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि गोवा के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले पर्रिकर रक्षा मंत्री से इस्तीफा देंगे।
इसी सिलसिले में पर्रिकर ने रविवार शाम पणजी में राज्यपाल मृदुला सिन्हा से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। पर्रिकर के साथ भाजपा के 13, गोवा फॉरवर्ड पार्टी और महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी के तीन-तीन व तीन निर्दलीय विधायक भी थे। इस प्रकार भाजपा ने 22 विधायकों के समर्थन का दावा किया है।
इसके पहले गोवा के नवनिर्वाचित विधायकों ने एक प्रस्ताव पास कर केंद्रीय नेतृत्व से आग्रह किया था कि पर्रिकर को राज्य विधायक दल का नेता चुनने की अनुमति दी जाए। महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी ने भी पर्रिकर के नेतृत्व में सरकार बनने की शर्त पर समर्थन देने का एलान किया था।
दिग्विजय ने किया था 21 विधायकों के समर्थन का दावा
इस बीच कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया है कि भाजपा दूसरे विधायकों को रुपए, मंत्रालय, कॉर्पोरेशन और एसयूवी देने का वादा कर खरीद-फरोख्त में लगी है।
उन्होंने कहा- 'मैंने ऐसा किसी राज्य में नहीं देखा कि जिस पार्टी को जनता ने खारिज कर दिया, मुख्यमंत्री और छह मंत्री हारे- फिर भी वे सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं।'
मणिपुर में बन सकती है भाजपा की सरकार
मणिपुर में भाजपा की सरकार बनने की संभावनाएं रविवार को बढ़ गईं। भाजपा महासचिव राम माधव ने रविवार कहा कि पार्टी मणिपुर में राज्यपाल नजपा हेपतुल्ला के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश करेगी। उन्होंने बताया कि भाजपा को नेशनलिस्ट पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने समर्थन का एलान किया है। 60 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव में भाजपा ने 21 सीटें जीती हैं।
माधव के मुताबिक उसे नगा पीपुल्स फ्रंट (4 विधायक), एनपीपी(4), लोजपा (1) का समर्थन हासिल है और एक निर्दलीय का समर्थन प्राप्त कर लिया जाएगा। इस तरह भाजपा के पास बहुमत का जादुई आंकड़ा (31) है। कांग्रेस 28 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है लेकिन वह सरकार बनाने लायक बहुमत जुटाने में नाकाम रही है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
have any doutes. please let me