*संवाद: अजय पांडे*
बदलापुर (जौनपुर)। बदलापुर तहसील के कंपोजिट विद्यालय बदलापुर खुर्द में मंगलवार को छात्र-अभिभावक सम्मान एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा 2025 में सफल विद्यार्थियों को साइकिल वितरित कर सम्मानित किया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने परीक्षा में उत्तीर्ण छात्र राजपाल (पुत्र राधे मोहन पाल) एवं विशाल पाल (पुत्र राम केवल पाल) को साइकिल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके साथ ही विद्यालय में सर्वाधिक उपस्थिति दर्ज कराने वाले विद्यार्थियों को शील्ड देकर सम्मानित किया गया तथा प्रत्येक कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कार वितरित किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय परिवार द्वारा मुख्य अतिथि का अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय अध्यक्ष ललित कुमार मौर्य, समस्त शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बाबादीन निषाद ने किया।
अध्यापक सुशील शुक्ला, संजय, अरविंद कुमार सिंह एवं हरिनाथ यादव ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करें, जिससे उनका भविष्य उज्ज्वल बन सके।
समारोह में विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष ललित मौर्य, ग्राम प्रधान चौधरी रजक, एडवोकेट मुकेश निषाद, वकील शुक्ला, संतलाल रजक एवं छोटू जायसवाल सहित क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें