tikhiawaz24.in

शनिवार, 21 मार्च 2026

*खड़ी ट्रक से टकराई रोडवेज बस, चालक की मौत; 9 यात्री गंभीर घायल*

*संवाद: माता चरण पांडे*
मुंगरा बादशाहपुर (जौनपुर), हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय थाना क्षेत्र के प्रयागराज–मुंगरा बादशाहपुर हाईवे पर कोदहूं गांव के पास शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। सिविल लाइन्स डिपो की एक रोडवेज बस खड़ी ट्रक से टकरा गई, जिससे बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस प्रयागराज से टांडा की ओर करीब 35 से अधिक यात्रियों को लेकर जा रही थी। कोदहूं गांव के समीप पहुंचते ही बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को बस से निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुंगरा बादशाहपुर भेजा गया, जबकि एक घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया में भर्ती कराया गया है।

हादसे में 35 वर्षीय बस चालक सतीश गुप्ता निवासी बनुआडीह, थाना शाहगंज की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

ये यात्री हुए घायल:
राकेश कुमार (50) निवासी शकापुर, थाना सुजानगंज; मयंक सिंह (30) निवासी रवानिया कादीपुर, थाना करौंदी कला सुल्तानपुर; अनिल पटेल (31) निवासी कुंडरिया, थाना पवारा; राजकुमार (45) निवासी शकापुर, थाना सुजानगंज; रामचंद्र निषाद (50) निवासी उमरी, थाना बदलापुर; सूरज कुमार (30) निवासी मरगुपुर, थाना तेजीबाजार; राहुल कुमार (27) निवासी आहोपुर, थाना सिंगरामऊ; प्रमोद कुमार यादव निवासी बरियाराम, थाना सराय ममरेज प्रयागराज तथा नीरज बिंद निवासी मेढ़ा, थाना खुटहन गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इस संबंध में थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

कोई टिप्पणी नहीं: