*एटीएम में धोखाधड़ी कर चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार*
===================
*प्रेम शर्मा*
संवाददाता तीखी आवाज़, शाहगंज, जौनपुर, गुरुवार ,30 मार्च, 2023:-
शाहगंज:- खेतासराय पुलिस ने एटीएम में धोखाधड़ी कर अपने जाल में फंसाने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है । गिरफ्तार दोनों आरोपियों का आसपास के कई थानों में आतंक था जहां पहले से ही इन दोनों आरोपियों के खिलाफ कई मुकदमे पंजीकृत हैं। जो एटीएम की हेराफेरी व जालसाजी कर ग्राहकों के पैसे चुरा लेते थे । गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपने पड़ोसी 3 जिलों में अपना नेटवर्क चला रखा था पुलिस ने इनके पास से 7 एटीएम कार्ड, दो तमंचा और कारतूस समेत दो मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
आपको बता दें कि इस तरह की शिकायत मिलने पर पुलिस अधीक्षक डॉ अजय पाल शर्मा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार की देखरेख में खेतासराय थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने एटीएम से धोखाधड़ी करने वाले चोरों की तलाश में जुटे थे कि उन्हें कुछ इनपुट मिला । तत्काल सक्रिय होते हुए उन्होंने पुलिस बल के साथ खुटहन रोड स्थित बारा मोड़ के पास दबिश देते हुए वहां से दो अन्तर्जनपदीय शातिर बदमाशों को धर दबोचा । गिरफ्तार बदमाशों के पास अलग अलग बैंकों के 7 एटीएम कार्ड, दो तमंचा, कारतूस, दो मोबाइल और एटीएम पैड बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी धर्मेन्द्र गौतम पुत्र शिवरतन गौतम अरगूपुर कला डिठौली थाना शाहगंज का रहने वाला है । दूसरा आरोपी राम नरेश वर्मा पुत्र गुदर वर्मा सुल्तानपुर जिले के अखंडनगर थाना क्षेत्र स्थित मिसिरपुर का निवासी है। बरामदगी के आधार पर दोनों के खिलाफ सुसंगत धाराओं मे मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है ।