tikhiawaz24.in

बुधवार, 1 फ़रवरी 2017

आज की 10 बड़ी खबरें


1. बांग्‍लादेश के खिलाफ टेस्‍ट के लिए टीम इंडिया का एलान, अभिनव मुकुंद की वापसी, पार्थिव बाहर

बांग्‍लादेश के खिलाफ एकमात्र टेस्‍ट के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का एलान कर दिया गया है। नौ फरवरी से हैदराबाद में होने वाले इस मुकाबले के लिए तमिलनाडु के सलामी बल्‍लेबाज अभिनव मुकुंद को शामिल किया गया है। वहीं इंग्‍लैंड सीरीज में वापसी करने वाले पार्थिव पटेल को जगह नहीं है। विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा की टीम में वापसी हुई है। अभिनव मुकुंद साल 2011 के बाद पहली बार भारतीय टीम में शामिल हुए हैं। उन्हें आखिरी बार 2011 में इंग्‍लैंड दौरे पर खेलने का मौका मिला। इसके बाद से वे बाहर चल रहे थे। वहीं साहा चोट के चलते इंग्‍लैंड सीरीज के दौरान टीम इंडिया से बाहर हो गए थे। इसके चलते पार्थिव पटेल को शामिल किया गया। उन्‍होंने अच्‍छा प्रदर्शन किया था जिसके बाद चयनकर्त्‍ताओं के सामने मुश्किल खड़ी हो गई थी क्‍यों‍कि साहा ने ईरानी ट्रॉफी के दौरान दोहरा शतक लगाकर फिटनेस के साथ ही फॉर्म भी दर्शाई थी। माना जा रहा था कि पटेल को तीसरे ओपनर के रूप में चुना जा सकता है। टीम इस प्रकार है: विराट कोहली, मुरली विजय, केएल राहुल, चेतेश्‍वर पुजारा, अजिंक्‍या रहाणे, करुण नायर, ऋद्धिमान साहा, आर अश्विन, रवींद्र जडेजा, जयंत यादव, उमेश यादव, ईशांत शर्मा, भुवनेश्‍वर कुमार, अमित मिश्रा, अभिनव मुकुंद और हार्दिक पंड्या।
2. 18 लाख लोगों के डिपॉजिट का वेरिफिकेशन होगा, IT डिपार्टमेंट का ऑपरेशन क्लीन मनी शुरू

इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने ऑपरेशन क्लीन मनी की शुरुआत कर दी है। इसके तहत नोटबंदी के दौरान हुए 18 लाख लोगों के कैश डिपॉजिट का वेरिफिकेशन किया जाएगा। रेवेन्यू सेक्रेटरी हसमुख अढिया ने बताया, "ऐसे बड़े कैश डिपॉजिटर्स की पहचान की गई है, जिनका प्रोफाइल नोटबंदी के दौरान किए गए डिपॉजिट से मैच नहीं कर रहा है।
- बता दें कि नोटबंदी के दौरान हुए बड़े कैश डिपॉजिट का वेरिफिकेशन करने के लिए इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने ऑपरेशन क्लीन मनी शुरू किया है।
- IT डिपार्टमेंट ऑपरेशन के पहले चरण में डिपॉिजट का ई-वेरिफकेशन भी करेगा।
- हसमुख अढिया ने कहा, "ऐसे लोगों को डिपार्टमेंट ई-मेल, एसएमएस भेजेगा, जिनके प्रोफाइल नोटबंदी के दौरान किए गए डिपॉजिट से मैच नहीं कर रहे हैं। इनमें पांच लाख रुपए से ज्यादा के कैश डिपॉजिट भी शामिल हैं। लोगों से फंड के सोर्स के बारे में पूछा जाएगा।"
- अढिया ने कहा, "इन लोगों को 10 दिन के भीतर डिपॉजिट के संबंध मेें पूछे गए सवालों का जवाब देना होगा। ऐसा ना करने पर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट नोटिस भेजेगा या फिर एक्शन लेगा।"
- "ऑपरेशन क्लीन मनी प्रोजेक्ट सीबीडीटी के तहत चलाया जा रहा है। जिसमें डिपॉजिटर्स के प्रोफाइल और डाटा की जांच की जा रही है।"
- "ऑपरेशन क्लीन मनी या स्वच्छ धन अभियान एक प्रोग्रामिंग सॉफ्टवेयर है, जिसके तहत सभी डिपॉजिट्स के संबंध में जानकारी ली जा सकेगी। लोगों से शुरुआती जवाब मांगे जाएंगे।"
- "अगर किसी डिपॉजिटर का जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तभी हम उसके खिलाफ लीगल एक्शन लेंगे।"
3. उनकी मेहरबानी हो गई जो टिकट दे दिया, 11 मार्च के बाद नई पार्टी बनाएंगे: शिवपाल

शिवपाल यादव ने मंगलवार को कहा कि वे 11 मार्च के बाद नई पार्टी बनाएंगे। शिवपाल ने यह बयान इटावा में एक मीटिंग के दौरान दिया। उनके इस बयान से साफ है कि अभी सपा परिवार में घमासान थमा नहीं है। चुनाव की तारीखों का एलान होने के बाद पहली बार शिवपाल का इस तरह का बयान आया है। इससे पहले, उन्होंने यहां जसवंतनगर वि‍धानसभा सीट के लिए नॉमिनेशन भरा।

- शिवपाल ने कहा- "अभी हमने पर्चा भर दिया है। आज हम जो भी हैं, नेताजी के वजह से हैं। लेकिन बहुत से लोगों ने कहा कि वे जो कुछ हैं नेताजी के वजह से हैं और उन्‍हीं लोगों ने नेताजी को अपमानित करने का काम किया।"
- "जो चाहो मुझसे ले लो, लेकिन नेताजी का अपमान बर्दाश्त नहीं कर सकते। मरते दम तक नेताजी के साथ रहेंगे, उनका आदेश मानेंगे।"
- "हम जानते है कि समाजवादी पार्टी में भी भीतरघात करने वाले लोग हैं। उनसे सावधान रहने की जरूरत है।"
- "मेहरबानी हो गई जो टिकट दे दिया, फॉर्म ए और बी दे दिया। नहींं तो निर्दलीय चुनाव लड़ना होता।"
- "हम लोग तो ज्यादातर विपक्ष में रहे है। बीजेपी, बीएसपी और कांग्रेस को तब हराया है जब हमारे पास कोई साधन नहीं थे।"
- "आज से 6 महीने पहले कांग्रेस की क्या हालत थी? केवल 4 सीटें जीतने की। किसका फायदा हुआ? कांग्रेस को सीटें दीं, टिकट हमारे लोगों का कटा।"
4. US में भारतीय IT प्रोफेशनल्स की नौकरियों पर खतरा, H-1B वीजा पर नया बिल

यूएस हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में सोमवार को H-1B वीजा को लेकर नया बिल पेश किया गया। इसे भारतीय आईटी कंपनियों के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। इसकी वजह यह है कि अगर यह बिल पारित हो जाता है तो अमेरिकी कंपनियों के लिए H-1B देकर भारत समेत विदेशी आईटी प्रोफेशनल्स को हायर करना मुश्किल हो जाएगा। मुश्किल इसलिए होगी क्योंकि बिल में कहा गया है कि H-1B वीजा होल्डर्स को मिनिमम सैलरी 60 हजार डॉलर (40 लाख रु.) से दोगुनी बढ़ाकर 1.30 लाख डॉलर (करीब 88 लाख रु.) देनी होगी। बिल के असर के चलते बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का IT इंडेक्स 4% गिर गया। वहीं, यह भी माना जा रहा है कि ट्रम्प H-1B पर नया एग्जीक्यूटिव ऑर्डर लाने जा रहे हैं।

- बता दें कि H-1B वीजा पर भारतीय आईटी प्रोफेशनल्स अमेरिका जाकर काम करते हैं। अगर ये बिल पास होता है तो ज्यादा सैलरी के प्रोविजन के चलते इन्फोसिस, विप्रो, टीसीएस जैसी भारतीय कंपनियों में काम कर रहे आईटी प्रोफेशनल्स की नौकरियों पर खतरा हो सकता है।
- वहीं, नए बिल के असर के चलते भारत की टॉप 5 आईटी कंपनियों मार्केट वैल्यू 50 हजार करोड़ तक गिर गई।
- व्हाइट हाउस के एक अफसर की मानें तो ट्रम्प एडमिनिस्ट्रेशन ये सब बड़े पैमाने पर इमीग्रेशन रिफॉर्म्स के तहत कर रहा है।
- H-1B वीजा पर नए नियमों के लिए कैलिफोर्निया की सांसद जो लॉफग्रेन ने 'द हाय स्किल्ड इंटीग्रिटी एंड फेयरनेस एक्ट 2017' बिल पेश किया।
- इस बिल के तहत लोएस्ट पे कैटेगरी हटा दी गई है। यह कैटेगरी 1989 से लागू थी। इसी के तहत H-1B वीजा होल्डर्स को मिनिमम सैलरी 60 हजार डॉलर देने का नियम था।
 
5. मेरा भी सेक्सुअल हैरेसमेंट और दो बार रेप हुआ: हॉलीवुड एक्स्ट्रेस एश्ले का खुलासा

हॉलीवुड एक्ट्रेस एश्ले जुड (48) इन दिनों भारत दौरे पर हैं। एश्ले ने यहां लोगों के सामने अपनी जिंदगी के कुछ कड़वे एक्सपीरियंस को शेयर किया। उन्होंने बताया- " जब मैं 7 साल की थी तब सेक्सुअल हैरासमेंट के दौर से गुजर चुकी हैं। इतना ही नहीं मेरा दो बार रेप हुआ था।" उन्होंने कहा कि हमें किसी भी तरह की ज्यादती को सहना नहीं चाहिए। बल्कि उसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।

- एश्ले ने हिंदी में कहा, "अब समझौता नहीं"। उन्होंने महिलाओं और लड़कियों को सेक्सुअल हैरासमेंट के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की।
- 2015 में Mirror को दिए इंटरव्यू में एश्ले ने बताया था कि 90 के दशक में एक मशहूर हॉलीवुड स्टूडियो के अफसर ने हैरासमेंट किया था।
- 1997 में जब वे 'किस द गर्ल्स' नामक फिल्म की शूटिंग कर रही थी, तब एक मशहूर हॉलीवुड स्टूडियो के एक्जीक्यूटिव ने उन्हें अपने होटल रूम में बुलाया और उन्हें नहाते हुए देखने के लिए कहा था।हालांकि, एश्ले ने उनका नाम नहीं लिया था।
6. स्‍वाति सिंह के जवाब में वर्तमान विधायक का टिकट काट अखिलेश यादव ने चचेरे भाई को मैदान में उतारा

उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में राजधानी लखनऊ की सीटों पर हाई प्रोफाइल टक्‍कर देखने को मिल रही है। यहां की सरोजनी नगर सीट से भाजपा ने यूपी भाजपा महिला विंग की अध्‍यक्ष स्‍वाति सिंह को टिकट दिया है। स्‍वाति पूर्व भाजपा नेता दयाशंकर सिंह की पत्‍नी हैं। दयाशंकर को बसपा सुप्रीमो मायावती वर अभद्र टिप्‍पणी करने के चलते निकाल दिया गया था। यहां से सत्‍ताधारी समाजवादी पार्टी ने अनुराग यादव को उतारा है। अनुराग सांसद धर्मेंद्र यादव के भाई और मुलायम सिंह यादव के भतीजे हैं। इस सीट से सपा के पूर्व विधायक शारदा शुक्‍ला ने राष्‍ट्रीय लोकदल और बसपा से शिवशंकर सिंह भी मैदान से हैं। स्‍वाति सिंह के लिए मुकाबला काफी मुश्किल हैं। यह सीट भाजपा कभी नहीं जीती है। पहले यहां से मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव के लड़ने की खबर थी लेकिन उन्‍होंने मना कर दिया।
7. सूरत के डायमंड मर्चेंट सावजी ढोलकिया ने कर्मचारियों को नए साल के बोनस में दी 1200 कारें

सूरत के डायमंड मर्चेंट और हरे कृष्ण एक्सपोर्ट्स के मालिक सावजीभाई ढोलकिया 2013 से कर्मचारियों को प्रोत्साहन के रूप में दिए जाने वाले गिफ्ट को लेकर चर्चा में हैं। साल 2013 में उन्होंने अपने कर्मचारियों को 1,260 गाड़ियां गिफ्ट की थी, जिसमें मारूति सुजुकी, डैटसन और फिएट शामिल थी। एक बार फिर सावजी भाई ढोलकिया अपने कर्मचारियों को नए साल का बोनस देने को लेकर चर्चा में है। हीरा कारोबारी सावजीभाई ढोलकिया ने अपने कर्मचारियों नए साल के बोनस के रूप में कुल 1,200 डटसन रेडी-गो (Datsun redi-GO) गिफ्ट की, जिनमें से डैटसन ने एक ही दिन में 650 यूनिट्स दिया। हालांकि इस बार सावजीभाई ने उन्हीं कर्मचारियों को गिफ्ट में रेडी गो दिया है, जिन्हें पिछले साल कोई इन्सेन्टिव नहीं मिला था। हालांकि इसके साथ ही कंडीशंस भी है। ढोलकिया ने सभी कारें डाउन पेमेंट पर ली है और इस पर 5 साल के लिए लोन लिया है। हालांकि, अगर अगले पांच साल में कर्मचारी कंपनी छोड़ता है तो कंपनी की ओर से उसकी कार की ईएमआई बंद हो जाएगी। इससे पहले सावजीभाई ने दिवाली पर कर्मचारियों को बोनस के रूप में 400 फ्लैट्स और 1,260 कारें गिफ्ट की थी। कंपनी ने अपने कर्मचारियों के बोनस पर 51 करोड़ रुपये खर्च किए. 
8. ब्रिटेन में डोनाल्‍ड ट्रंप राजकीय यात्रा रोकने के लि‍ए 15 लाख लोगों ने साइन किया पिटीशन, संसद में भी हुई बहस

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा सात मुस्लिम देशों के नागरिकों पर अमेरिका आने पर रोक लगाने से जुड़ी आप्रवासन नीति के विरोध में ब्रिटेन में 15 लाख लोगों ने एक याचिका पर दस्तखत करके ट्रंप को राजकीय अतिथि के तौर पर बुलाने का विरोध किया। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि ट्रंप निजी हैसियत से ब्रिटेन आ सकते हैं लेकिन सरकारी अतिथि के तौर पर नहीं। हालांकि याचिका पर 10 लाख से ज्यादा लोगों के दस्तखत हो जाने के बाद ब्रिटेन की संसद (हाउस ऑफ कामंस) ने इस मुद्दे पर बहस की। ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टेरीजा मे ने इस मांग के परोक्ष रूप से अस्वीकार करते हुए कहा, “ब्रिटेन का नजरिया अलग है।”  ब्रिटिश पीएम टेरीजा ने पिछले हफ्ते अमेरिका यात्रा के दौरान महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की तरफ से ट्रंप को ब्रिटेन आने का न्योता दिया था। पीएम टेरीजा ने एक प्रेसवार्ता में कहा, “अमेरिका ब्रिटेन का नजदीकी साझीदार है। हम कई साझा हितों के क्षेत्र में मिलकर काम करते हैं। हमारा रिश्ता खास है। मैंने अमेरिकी राष्ट्रपति को राजकीय दौरे पर निमंत्रित किया है और हमारा न्योता यथावत है।”  पीएम टेरीजा ने याचिकाकर्ताओं की मांग के अनुरूप ट्रंप की आलोचना नहीं की। ब्रिटेन में ट्रंप की ब्रिटेन यात्रा के खिलाफ सड़कों पर उतर कर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं विपक्षी लेबर पार्टी के सांसद जेरेमी कॉर्बिन ने भी पीएम टेरीजा को पत्र लिखकर ट्रंप को ब्रिटेन बुलाने का विरोध किया। ट्रंप सरकार ने इराक, ईरान, सीरिया, लीबिया, सोमालिया, सूडान और यमन के नागरिकों पर 90 दिनों तक अमेरिका आने पर रोक लगा दी है। 
9. जल्‍लीकट्टू मामला : सुप्रीम कोर्ट ने प्रदर्शनों को लेकर तमिलनाडु को लगाई फटकार, लेकिन नए कानून पर रोक नहीं

तमिलनाडु में जल्‍लीकट्टू पर फिलहाल रोक नहीं लगेगी. सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार के नए एक्ट पर फिलहाल रोक लगाने से इंकार कर दिया है लेकिन कोर्ट नए एक्ट की संवैधानिकता पर सुनवाई करेगा. हालांकि कोर्ट ने जल्‍लीकट्टू को लेकर हुए प्रदर्शनों को लेकर राज्‍य सरकार की खिंचाई की है और कहा है कि कानून के राज में ये नहीं होना चाहिए. सर्वोच्‍च अदालत ने तमिलनाडु सरकार से नए एक्ट पर नोटिस जारी कर 6 हफ्ते में जवाब मांगा है और साथ ही कहा है कि राज्य में कानून व्यवस्था को बनाए रखा जाए. अदालत ने केंद्र सरकार को जनवरी 2016 का नोटिफिकेशन वापस लेने की इजाजत भी दे दी है. सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र और तमिलनाडु सरकार पर बड़े सवाल भी उठाए. कोर्ट ने पूछा, जलीकट्टू को लेकर तमिलनाडू को एक्ट लाने की क्या जरूरत थी? क्या सरकार के पास इसका कोई कानूनी जवाब है? इस मामले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कदम उठाए जाने चाहिए थे. अगर नया एक्ट लोगों के प्रदशर्न के दबाव में बनाया गया तो कावेरी मुद्दे पर तमिलनाडू सरकार कर्नाटक सरकार का विरोध क्यों कर रही है? अदालत ने पूछा, 'आप कह रहे हैं कि नया कानून लेकर आए हैं लेकिन सड़क पर उतरकर सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अवेहलना करने के लिए एक्ट लेकर आए? सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु में जल्‍लीकट्टू को लेकर हुए प्रदर्शन पर नाराजगी जताई और कहा, 'राज्य सरकार को कानून व्यवस्था बनाए रखनी चाहिए. हम कानून के हिसाब से चलते हैं और कानून के राज में ऐसी चीजें नहीं हो सकतीं. किसी भी सभ्य समाज में कानून व्यवस्था सबसे प्राथमिक जरूरत होती है. हम इसी बात पर नहीं हैं कि आप एक्ट क्यों लेकर आए, ये जानना भी चाहते हैं कि ऐसा प्रदर्शन क्यों हुआ? इसकी जरूरत क्यों पड़ी?' सुप्रीम कोर्ट ने साफ किया कि इस मामले को हाईकोर्ट नहीं भेजा जाएगा. कोर्ट ने कहा, 'सरकार ने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के पूरे आदेश के आधार को ही खत्म कर दिया है. हम साफ करना चाहते हैं कि मामले को वापस हाईकोर्ट नहीं भेजा जाएगा.'
10. हाफिज सईद को राष्ट्रहित में नजरबंद किया गया, हम युद्ध नहीं चाहते: पाकिस्तानी सेना

पाकिस्तानी सेना ने कहा है कि जमात-उद-दावा प्रमुख हाफिज सईद को राष्ट्रहित में घर में नजरबंद किया गया है। पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रहित में लिए गए नीतिगत फैसले के तहत ही ऐसा किया गया है। पाकिस्तानी सेना ने यह भी दावा किया कि वह (भारत से) युद्ध नहीं चाहती, हालांकि इसे उसकी कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए। पाकिस्तान के इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) के डीजी मेजर जनरल आसिफ गफूर ने मीडिया ब्रीफिंग के दौरान ये बातें कहीं। पाकिस्तानी न्यूज वेबसाइट 'डॉन' की रिपोर्ट के मुताबिक आसिफ गफूर ने हाफिज सईद की नजरबंदी के पीछे किसी विदेशी दबाव होने की बात को खारिज किया है।

हिमाचल अपडेट समाचार

नालागढ़
बारियां में मकान की गिरी छत,मलबे में दबने से 20 वर्षीय युवक की मौत,पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिया भेजा अस्पताल।

करसोग
शादी का झांसा देकर युवती से 4 साल तक शारीरिक शोषण, 4 साल तक आरोपी और पीड़ित युवती रहे एक साथ, अब शादी से झाड़ा पल्ला।

ऊना
विधायक वीरेंद्र कंवर ने विधायक प्राथमिकता बैठक से किया किनारा,कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक है कंवर।

नालागढ़
बघेरी में पुलिस ने पकड़ा सवा तीन किलो चूरापोस्त,एक आरोपी को लिया हिरासत में , पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर की कार्रवाई।

दिल्ली
CM वीरभद्र सिंह मनी लॉन्ड्रिंग का मामला,वीरभद्र सिंह की याचिका पर सुनवाई टली, दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका पर टली सुनवाई।

केलांग
लाहौलघाटी में अभी भी जनजीवन अस्त-व्यस्त,सड़कों से नहीं हटाई जा रही बर्फ, 24 जनवरी से बिजली आपूर्ति ठप,दूरसंचार सेवाएं भी बाधित।

शिमला
फ्लिपकार्ट का फर्जीवाड़ा, मंगवाया मोबाइल, भेज दिया मार्बल का टुकड़ा, शिमला में एचआरटीसी कर्मी के साथ हुआ धोखा।

मंडी
प्रदेश भाजपा के सचिव प्रवीन शर्मा का आरोप- राज्य सरकार ने पूरे नहीं किए घोषणा पत्र के 90 प्रतिशत वादे।

शिमला
राष्ट्रीय दृष्टिहीन परिसंघ ने बढ़ाई सरकार की मुश्किलें,आमरण अनशन पर बैठे परिसंघ के सदस्य,149 दिनों तक प्रदर्शन के बाद टूटा सब्र।

17 तोला सोना लेकर बिहारी ज्वैलर फरार

✍🏻संगड़ाह
उपमंडल संगड़ाह में करीब 17 तोला सोना लेकर एक बिहारी ज्वैलर फरार हो गया है। संगड़ाह निवासी आशा कुमारी पत्नी सतीश कुमार ने पुलिस थाना संगड़ाह में शिकायत दर्ज करवाई है कि राजेश शाह पुत्र चलाई शाह निवासी गांव धमकेर बिहार हाल ही में संगड़ाह में शिरडी ज्वैलर्स के नाम से सुनार की दुकान करता था।

    शिकायतकर्ता आशा ने 5 तोला व अन्य लोगों से करीब 12 तोला सोना ज्वैलर को मरम्मत के लिए दिया था, जिसे लेकर उक्त ज्वैलर फरार हो गया है। इस संदर्भ में पुलिस ने आईपीसी की धारा 406 व 420 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

जीजा पर लगाया मानसिक उत्पीड़न और आत्म हत्या को उकसाने का आरोप

✍🏻कांगड़ा
जिला कांगड़ा की पुलिस चौकी योल के तहत पद्धर गांव की महिला ममता के जहर निगलने के मामले में मृतका के भाई ने अपने जीजा के खिलाफ मानसिक प्रताड़ना व आत्महत्या को उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस के पास दर्ज करवाई शिकायत के आधार पर पुलिस ने ममता के पति विनय को हिरासत में ले लिया है। पद्धर गाव की 31 वर्षीय महिला ममता ने 28 जनवरी को जहरीला पदार्थ निगल लिया था। उसकी हालत खराब होने के बाद परिजन उसे राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज टाडा ले आए थे, वहां महिला की गत दिबस उपचार के दौरान मौत हो गई।

    महिला की मौत से खफा उसके भाई ने अपने जीजा विनय निवासी योल पर प्रताड़ना का आरोप लगाया। मृतका के भाई के अनुसार उसकी बहन की शादी करीब नौ वर्ष पहले योल के साथ लगते पद्धर गाव के विनय से हुई थी। उसका जीजा उसकी बहन को शुरू से ही शारीरिक तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। इसके चलते उसकी बहन ने आत्महत्या की है। पुलिस ने मृतका के भाई के बयानों के आधार मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

अवैध निर्माण के लिए बनी हाई पाॅवर कमेटी एक राजनीतिक ड्रामा: बरागटा

✍🏻शिमला
प्रदेश में अवैध निर्माण को एसेस व रिविव करने के लिए 20 दिसंबर 2016 को बनाई गई कमेटी एक राजनीतिक ड्रामा है। चुनाव को देखते हुए जनता को गुमराह करने के लिए इस कमेटी का गठन किया गया है। यह बात भाजपा से पूर्व बागवानी मंत्री नरेंद्र बरागटा ने मंगलवार को शिमला में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में कहीं। उन्होंने कहा कि यह कमेटी अब खुद को न्यायालय से ऊपर समझ ने लगी है और जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा में सरकार ने छोटे किसानों के लिए अवैध निर्माण पर एक नीति बनाने को कहा था।

      उन्होंने कहा कि सरकार को जनता की इतनी चिंता थी, तो कोर्ट में जाकर इस आदेश के खिलाफ अपील क्यों नहीं की। बरागटा ने कहा कि 2002 में भाजपा ने अवैध निर्माण पर जो नीति बनाई थी, उसमंे कांग्रेस की ही एक महिला पूनम गुप्ता ने स्टे लिया था और अभी भी अवैध निर्माण पर कांग्रेस के ही कार्यकर्ता कृष्ण चंद शारदा ने याचिका दायर की थी। उसके बाद ही यह अवैध निर्माण तोड़े गए है। उन्होंने कहा कि 6 अप्रैल 2015 में उच्च न्यायालय ने अवैध निर्माण हटाने के आदेश दिए थे कि 6 महीने में सभी अवैध निर्माण हटा दिए जाए। लेकिन सरकार ने 7 सितंबर 2015 को एसीएस की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित कर लीपापोती करने का काम किया।

     उन्होंने कहा कि छोटे किसानो के बगीचे तो काटे गए, लेकिन बड़े रसूक वाले किसानों के बगीचे अभी तक नहीं काटे गए है। बरागटा ने कहा कि सरकार एक तरह शहर में रिटेंशन पॉलिसी ला रही है। दूसरी तरफ गांव में अवैध निर्माण तोड़ रही है। बरागटा ने कहा कि भाजपा इसके खिलाफ मैदान में जाकर मुकाबला करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता को गुमराह कर रही है और मगरमच्छ के आंसू बहा रही है।

हाऊस टैक्स के विरोध में नगर परिषद बद्दी के खिलाफ धरना प्रदर्शन

✍🏻बद्दी
हाऊस टैक्स को 12.5 से घटाकर 7.5 करके जनता की वाहवाही बटोरनी वाली नगर परिषद बद्दी को जोरदार झटका लगा है। नप ने सोचा था कि हाऊस टैक्स घटाकर लोग विरोध का रास्ता छोड़ नप का सहयोग करेंगे। लेकिन इसके विपरीत मंगलवार को बद्दी विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने नप बद्दी के हाऊस टैक्स को लेकर धरना प्रदर्शन किया। सुबह ही नप कार्यालय के समक्ष विकास मंच के प्रधान बेअंत ठाकुर की अगुवाई में कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई।

    उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विकास मंच के अध्यक्ष बेअंत ठाकुर ने दो टूक कहा कि जब तक नप सब सुविधाएं प्रदान नहीं करती लोग हाऊस टैक्स नहीं देंगे। ठाकुर ने कहा कि नप द्वारा हाऊस टैक्स मनमाने ढंग से लगाया जा रहा है। नगर परिषद ने अपने कार्यालय में बैठक बिना वास्तुस्थिति देखे ही लोगों को हाऊस टैक्स के तुगलकी फरमान जारी कर दिए। जबकि मौजूदा वास्तुस्थिति के हिसाब से जिन लोगों का टैक्स कम बनता है उन्हें चार गुणा अधिक टैक्स थोप दिया गया।

यह रहे धरना प्रदर्शन में उपस्थित
हाऊस टैक्स के विरोध में मंगलवार को धरना प्रदर्शन में बद्दी विकास मंच के अध्यक्ष बेंअत ठाकुर, मोहम्मद आशिक, संजीव कौशल, कैप्टन डीआर चंदेल, जसवंत राय, गुरमीत सिंह, तरसेम, जसविंद्र भारद्वाज, हरनेक ठाकुर, तेलू राम ठाकुर, दीपू पंडित, अमित केशव, भगत राम ठाकुर, ललित ठाकुर, बबलू पंडित आदि मौजूद रहे।

✍🏻धर्मशाला
पूर्व मंत्री किशन कपूर ने पत्रकारवार्ता में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सीएम वीरभद्र सिंह चुनावी वर्ष को नजदीक देखकर हर रोज नए-नए शिगूफे छेड़ रहे हैं और जनता को जमकर बेबकूफ बना रहे हैं। सीएम का हाल यह है कि खुद घोषणाएं करके खुद ही भूल जाते हैं। अब विपक्ष को मदारी कहने वाले सीएम खुद बताएं कि असल में मदारी कौन है।

       कपूर ने कहा कि चंद रोज पहले सीएम ने अपने बेटे को शिमला ग्रामीण से चुनाव मैदान में उतारने की बात कही। अब सीएम उस बात को भी मजाक कहकर टाल रहे हैं। यदि सीएम अपने बेटे के राजनीतिक भविष्य को लेकर ही इतना बड़ा मजाक कर सकते हैं, तो प्रदेश की जनता से वह किस हद तक मजाक कर सकते हैं। इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।

      कपूर ने कहा कि यह सीएम की बढ़ती उम्र का तकाजा है या बिगड़ता मानसिक संतुलन। लेकिन यह प्रदेश के लिए बहुत ज्यादा घातक है। हाल ही में सीएम कांगड़ा प्रवास पर आए थे और शिलान्यासों और घोषणाओं की झड़ी लगा दी। सीएम ने रात को भी शिलान्यास किए, लेकिन सीएम यह भी बताएं कि उनकी पुरानी कितनी घोषणाएं पूरी हुई हैं। सीएम ने धर्मशाला को राजधानी बनाने की घोषणा की और बीजेपी ने इसकी अधिसूचना जारी करने की मांग की। इस पर सीएम ने फिर से मजाक कर दिया और कहा कि उनकी घोषणा ही अधिसूचना है।

      अब सीएम कहते हैं कि धर्मशाला में न तो कोई सरकारी निदेशालय जाएगा और न ही कोई सचिवालय जाएगा। अब सीएम बताएं कि जब यहां कुछ भी नहीं होगा, तो क्या धर्मशाला बस नाम की राजधानी होगी। चुनाव नजदीक देख सीएम धर्मशाला के नाम पर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। सीएम का कहना है कि धर्मशाला में चीफ इंजीनियर के ऑफिस हैं और यह राजधानी के लिए काफी हैं। ऐसे ऑफिस अन्य जिलों में भी हैं, तो क्या सीएम उन्हें भी राजधानी घोषित कर देंगे। कपूर ने कहा कि अब जब भी चुनाव होंगे, तब कांग्रेस सरकार की विदाई तय है। अपनी ही घोषणाओं से मुकरने वालों को प्रदेश की जनता सबक सिखाएगी।

सात दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली

मजदूर की हत्या मामला

दो दर्जन से अधिक लोगों से पूछताछ , फिलहाल किसी नजीते पर नहीं पहुंची पुलिस

जयपुर, सदर थाना इलाके में शराब पार्टी के बाद पत्थर से सिर कुचलकर मजदूर की हत्या करने के मामले में सात दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ है।

नौकरी लगवाने के नाम पर ठगे लाखों रुपए

जयपुर, मानसरोवर थाना इलाके में  एक बेरोजगार युवक को दो अभियुक्तों द्वारा  सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों  रुपए ठग लिए। 

ट्रक में ठुस-ठुस कर भैंस व पाडे ले जाते पकड़ा

जयपुर, मानसरोवर थाना पुलिस ने सोमवार को ट्रक में दो पाटेशन बना कर ठुस-ठुस कर भैंस व पाडे ले जाते तीन लोगों को पकड़ा है। 

मंदिर में पूजा कर रहे डॉक्टर की सिर पर वार हत्या

गुप्त नवरात्र के दौरान अकेले थे मंदिर में

लूट के इरादे से बदमाशों ने की वारदात

 जोधपुर के बिलाड़ा कस्बे स्थित एक मंदिर में गुप्त  नवरात्र कर रहे एक डॉक्टर की सोमवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने लूट की नीयत से सिर पर वार कर हत्या कर दी । मंगलवार  सुबह जब लोग  मंदिर पहुंचे तो लाश देख पुलिस को सूचित किया।

अज्ञात टैंपों की टक्कर से राहगीर की मौत

जयपुर,  विश्वकर्मा थाना इलाके में सोमवार देर रात एक  अज्ञात टैंपों ने पैदल चल रहे राहगीर को टक्कर मार दी और  फरार हो गया। घटना में राहगीर की मौत हो गई। सूचना पर  पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को मोर्चरी में  रखवाया। 

पट्टी पार करते समय ट्रेन की चपेट में आया छात्र

जयपुर, जवाहर सर्किल थाना इलाके में सोमवार देर रात को पट्टरियां पार करते समय एक छात्र ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवा परिजनों को सूचना कर दी ।

सैटेलाइट फोन के साथ एक विदेशी सहित 4 भारतीय पकड़े

पकड़ा आमिर सलेमान है सऊदी अरब निवासी

जैसलमेर के सम थाना पुलिस ने मंगलवार सुबह सैटेलाइट फोन के साथ  एक विदेशी युवक सहित चार भारतीय नागरिकों को पकड़ा है। 

 पुलिस को चकमा दे भागा आरोपी

अजमेर जिले के केकडी थाना पुलिस को मंगलवार सुबह एक दुराचार का एक आरोपित चकमा देकर फरार हो गया। जिसे पुलिसकर्मी इलाके  में नाकाबंदी कर सरगर्मी से तलाश में जुटे हुए थे।

सामूहिक दुष्कर्म का एक आरोपी गिरफ्ता पट्टी कोतवाली क्षेत

प्रतापगढ़
सामूहिक दुष्कर्म का एक आरोपी गिरफ्ता
पट्टी कोतवाली क्षेत्र के महदहा गांव में युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को दबोच लिया है।

उक्त गांव निवासी एक व्यक्ति की बेटी सोमवार की शाम बकरी चुराने गई हुई थी। वहीं, सुनसान स्थान पर चार युवक गांजा पी रहे थे। युवती को जब उन्होंने देखा तो उसे दबोच लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। वह अचेत हुई तो आरोपी वहां से भाग निकले। बाद में होश आने पर पीड़िता ने इसकी सूचना 100 नंबर पर दी तो मौके पर पुलिस पहुंची। जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो वह परेशान हो गए। देर शाम पीड़िता को लेकर पुलिस कोतवाली आई और उसके परिजनों के साथ ग्राम प्रधान व बीडीसी सदस्य भी आए। सीओ कुलभूषण ओझा व कोतवाल आदित्य कुमार सिंह ने पीड़िता के साथ परिजनों से भी पूछताछ की और बाद में देर रात धारा 376 के तहत मुकदमा पीड़िता की तहरीर पर दर्ज किया गया। इसमें गांव के ही अशोक कुमार, दिनेश कुमार व रवि वर्मा समेत चार को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने दबिश देकर रात में ही अशोक को दबोच लिया। जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश पुलिस सरगर्मी से कर रही है। सीओ ने बताया कि एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। पीड़िता को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। मामले की तहकीकात करने एएसपी पूर्वी स्वामी नाथ भी शाम को पीड़िता के घर पहुंचे। परिजनों से जानकारी ली।

सुबह कोहरे व बादलों से रही कड़ाके की ठंड



एक पखवारे तक तेज धूप के कारण ठंडक काफी कम हो गई थी। दो दिनों से रात से सुबह तक कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मंगलवार को सुबह कोहरा के साथ ही आसमान में बादल छाए रहे। दिन में दस बजे के बाद निकली धूप से लोगों को ठंड से राहत मिली। एक बार पुन: मौसम का मिजाज बदला नजर आया। हालांकि रात के तापमान में 1.1 डिग्री तथा दिन के तापमान में 1 डिग्री की अधिकता हुई। फिर भी सुबह गलन काफी तेज रही। दिन में धूप निकली तो ठंड कुछ कम हुई। सनई अनुसंधान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. मनोज त्रिपाठी ने बताया कि दिन का अधिकतम तापमान 22.8 व रात का न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में पछुआ हवाएं चल रहीं थीं। वहीं, कभी कड़ाके की ठंड तो कभी तेज धूप निकलने से लोग बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। लापरवाही बरतने वालों को उल्टी दस्त होने से डायरिया हो रहा है। जिला अस्पताल के साथ ही ग्रामीण अंचल के अस्पतालों में डायरिया से पीड़ित मरीज भारी संख्या में पहुंच रहे हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में मंगलवार को डा. मनोज खत्री ने 90 व डा.आरडी द्विवेदी ने 98 मरीज देखे। इनमें अधिकांश डायरिया से पीड़ित रहे।