tikhiawaz24.in

मंगलवार, 13 दिसंबर 2016

तीखी आवाज़

प्रतापगढ़

हिस्ट्रीशीटर प्रधान पति की बम व गोली मार कर हत्या

बाघराय थाना क्षेत्र के कमासिन बाजार के पास स्कार्पियो सवार राजा भैया समर्थक प्रधान पति राजेश सिंह की बम व गोली मार कर हत्या कर दी गई। घात लगाकर बैठे बदमाशों ने किसी को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। हमले में साथ रहा चालक व प्राइवेट गनर भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावर मृत राजेश की लाइसेंसी पिस्टल, एक लाख रुपये व मोबाइल लूट कर भाग निकले। इस घटना में राजेश के भाई मनोज ने 18 लोगों के खिलाफ नामजद एफआइआर दर्ज कराया है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। राजेश बाघराय थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उस पर हत्या, लूट समेत 33 मुकदमे दर्ज थे।

बाघराय थाना क्षेत्र के कोरड़ाजीतपुर गांव निवासी पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेश (48) पुत्र अवधेश बहादुर सिंह रविवार की शाम लगभग साढ़े सात बजे तिवारी महमदपुर गांव निवासी राजमणि तिवारी के घर निमंत्रण में शामिल होने गया था। बाटी-चोखा खाने के बाद रात लगभग पौने ग्यारह बजे वह स्कार्पियो से घर लौट रहा था। उनके साथ प्राइवेट गनर धीरज सिंह उर्फ बउआ (30) पुत्र राम कुमार निवासी कोरड़ाजीतपुर, चालक सोनू सिंह (25) पुत्र सुरेंद्र प्रताप सिंह निवासी उमरी सहसों इलाहाबाद व खाना बनाने वाला सत्यपाल वर्मा (18) पुत्र राम खेलावन भी था। गाड़ी सोनू चला रहा था। राजेश अगली सीट पर बैठा था। धीरज बीच वाली सीट और सत्यपाल वर्मा पिछली सीट पर बैठा था।

स्कार्पियो जैसे ही कमासिन इंटर कालेज के बगल स्थित गेट से बाहर निकल कर राजेश के घर की तरफ मुड़ी, हनुमान मंदिर के पास पहले से घात लगाकर बैठे करीब दर्जन भर लोगों ने स्कार्पियो पर चारों तरफ से ताबड़तोड़ बम व गोलियों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से चालक घबरा गया। गाड़ी अनियंत्रित होकर पास की रजलू तिवारी व वृंदावन की चाय-पान की दुकान में घुस गई। इस बीच हमलावर भी वहां पहुंच गए। राजेश को मरा देख हमलावरों ने धीरज को स्कार्पियो से नीचे उतार कर गोली मार दी। इसी बीच मौका पाकर सोनू वहां से मृत राजेश के साथ गाड़ी लेकर भाग निकला और चकवड़ नहर पुल पर पहुंचा। वहां पर सोनू व सत्यपाल गाड़ी छोड़ कर गांव की तरफ भाग निकले।

हमलावर भी स्कार्पियो का पीछा करते हुए नहर पुलिया के पास पहुंचे और गाड़ी में रखा करीब एक लाख रुपया, राजेश की अमेरिकन मेड लाइसेंसी पिस्टल व मोबाइल लेकर भाग निकले। सोनू ने चकवड़ गांव में पहुंचने के बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने देखा कि राजेश की मौत हो चुकी है। फौरन घायल धीरज, सोनू को जिला अस्पताल भिजवाया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को इलाहाबाद रेफर कर दिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी एमपी वर्मा, एएसपी पश्चिमी नीरज पांडेय, सीओ सदर वेद प्रकाश सिंह समेत आस-पास के आधा दर्जन थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने राजेश का शव कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में राजेश के भाई मनोज सिंह की तहरीर पर बाघराय पुलिस ने

दीपू ओझा पुत्र शिव शंकर निवासी धनवासा, देवानंद शुक्ला, ज्वाला सिंह, पक्का पासी, बृजेश, पवन, संजय सिंह, प्रमोद कुमार, मनोज उपाध्याय समेत 18 लोगों के खिलाफ हत्या, हत्या की साजिश रचने का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने दो आरोपी ज्वाला सिंह व पक्का पासी को हिरासत में ले लिया है। एसओ बाघराय अखिलेश सचान ने बताया कि राजेश पर 33 मुकदमे दर्ज थे। वह थाने का हिस्ट्रीशीटर था। सीओ सदर वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर में कोई स्पष्ट रंजिश की बात नहीं कही गई है। घटना की वजह की जांच की जा रही है।

-राजेश के भाई की तहरीर पर 18 लोगों के खिलाफ हत्या, हत्या की साजिश रचने का मुकदमा दर्ज किया गया है। चुनाव रंजिश समेत कई तरह की रंजिश परिवार वाले बता रहे हैं। यह भी बताया जा रहा है कि साले की हत्या में राजेश गवाह था और उसकी गवाही हो चुकी थी। हत्यारोपियों पर भी शक जताया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं: