tikhiawaz24.in

रविवार, 11 दिसंबर 2016

तीखी आवाज़

गोरेगांव। मुंबई के गोरेगांव में एक निजी कंपनी का हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया है। हादसे में पायलट की मौत हो गई जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। फिलहाल हेलीकॉप्टर के क्रैश होने के कारण का पता नहीं चल सका है।

डीसीपी (जोन 12) किरण कुमार चव्हाण ने कहा कि हेलीकाप्टर में सवार चार व्यक्ति झुलस गए और उन्हें एक अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में उनमें से एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया।

चश्मदीदों के मुताबिक हेलिकॉप्टर क्रैश होने के बाद कई धमाके हुए। लोगों ने जब वहां जाकर देखा तो महिला और पायलट बुरी तरह से घायल थे। पायलट बेल्ट से बंधा हुआ था। बेल्ट को एक शख्श ने चाकू से काटा और पायलट को निकाला। बताया जा रहा है कि पायलट ने हवा में तेजी से दो चक्कर लगाए और फिर हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया।

मिली जानकारी के मुताबिक ये हादसा गोरेगांव के पॉश इलाके में स्थित आरेय कॉलोनी के क्षेत्र में हुआ है। गनीमत ये रही कि जहां पर यह हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ वहां पर कोई भी रिहायशी इलाका नहीं था। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि हेलीकॉप्टर आरेय कालोनी में एक खुले मैदान में दुर्घटनाग्रस्त हुआ जो कि गोरेगांव की एक हरित पट्टी है।

हादसे में हेलीकॉप्टर पूरी तरह से जल चुका है। मौके पर पुलिस, एंबुलेंस और दमकल विभाग के कर्मचारी पहुंच गए। फिलहाल राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। दमकल विभाग के अधिकारी ने कहा कि मौके पर दमकल की तीन गाड़ियां भेजी गईं और आग पर काबू पा लिया गया है।

स्थानीय निवासियों ने दुर्घटनास्थल से धुआं निकलते देखकर पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा है कि हमने अपने क्षेत्र में दोपहर 11 बजकर 45 मिनट पर धुआं देखा और हमें यह एहसास हुआ कि कुछ अप्रिय हुआ है।

बताया जा रहा है हादसे के समय हेलीकॉप्टर में चार लोग थे, जिनमें पायलेट, को-पायलेट और दो अन्य लोग शामिल थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस बारे में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

कोई टिप्पणी नहीं: