कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के बहराइच में गुरुवार को रैली की। वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कसे गए तंज का जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने (मोदी) उनके (राहुल) सवाल का मजाक उड़ाया है। राहुल ने कहा, ”कल मैंने गुजरात में पीएम मोदी जी से 2-3 सवाल पूछे थे, भ्रष्टाचार के बारे में। पीएम के सवाल के जवाब तो नहीं दिए मगर जो सवाल पूछ रहा था उसका मजाक उड़ाया। आप मेरा जितना मजाक उड़ाना चाहते हो उड़ाओ, पर देश के युवाओं के सवालों के जवाब दो।” राहुल ने भाषण के दौरान शेरो-शायरी भी की। उन्होंने कहा, ”मैं ग़ालिब के शब्दों में कहता हूं ‘हर एक बात पे कहते हो के तू क्या है, तुम ही कहो ये अंदाज-ए-गुफ्तगू क्या है’।” राहुल ने नोटबंदी को लेकर भी पीएम मोदी को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, ”मोदीजी ने कहा कि लाइन में चोर खड़े हुए हैं, आज बैंक के सामने मैंने लोग देखे। मोदीजी वो चोर नहीं ईमानदार गरीब हैं।” राहुल ने आगे कहा, ”हमारे किसान रोज आत्महत्या कर रहे हैं, हम पीएम के पास ये समस्याएं लेकर गए लेकिन उन्होंने एक शब्द नहीं कहा।”
राहुल ने पीएम पर निशाना साधते हुए कहा, ”काला धन उनके पास नहीं है जो लाइन में खड़े हैं, काला धन उनके पास है जो आपके (मोदी) साथ हवाई जहाज में जाते हैं।” राहुल ने गुजरात के कद्दावर नेता शंकर सिंह वाघेला का जिक्र करते हुए कहा, ”वाघेला जी ने मुझे बताया, मोदीजी सुपर इवेंट प्लानर हैं। उनको आप कुछ भी दे दीजिए वो शानदार तरीके से इवेंट बना देंगे।”
राहुल से पहले पीएम नरेंद्र मोदी की रैली भी बहराइच में प्रस्तावित थी। हालांकि मौसम खराब होने की वजह से पीएम का विमान यहां नहीं उतर सका। जिसके बाद मोदी ने लखनऊ से फोन पर ही सभा को संबोधित किया था। मगर फोन लाइन खराब होने की वजह से आवाज साफ नहीं आ रही थी। इसी बात पर राहुल ने तंज कसते हुए कहा, ”मोदीजी ने यहां (बहराइच) टेलीफोन पर भाषण दिया था, लाइन इतनी खराब थी कि कुछ सुनाई नहीं दिया। ऐसे फोन से पैसे ट्रांसफर होंगे?”
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें