मधेपुरा। अब सप्ताह के शनिवार को 10 बजे से थाना परिसर में अंचलाधिकारी व थानाध्यक्ष संयुक्त बैठक कर भूमि संबंधित विवादों का निपटारा करेंगे। जिलाधिकारी मु. सोहैल और एसपी विकास कुमार द्वारा जारी किए गए आदेश में कहा गया है कि बैठक में जमीन की मापी, रैयतों के बीच जमीन का सीमांकन से सम्बंधित विवाद, लोक भूमि का अतिक्रमण, बेदखली के मामले एवं आम भूमि से सम्बंधित मामलों का निस्तारण किया जाएगा।
जारी आदेश के अनुसार अंचलाधिकारी भूमि विवाद पंजी संधारित करेंगे जिसमें भूमि विवाद समस्या का संक्षिप्त विवरण, जमीन का विवरण, आवेदक का नाम, पंचायत का नाम, प्रतिपक्षी का नाम दर्ज किया जाएगा। प्रतिपक्षी को दूसरे शनिवार को चौकीदार के जरिए नोटिस देकर बुलाना है। सूचना पर आए दोनों पक्षों के बीच विवाद का निस्तारण का संभव प्रयास किया जाएगा तथा निस्तारण प्रयास के बाद लिए गए निर्णय को पंजीबद्ध कर सभी पक्षों से हस्ताक्षर कराया जाएगा और दोनों पक्षों को छाया प्रति उपलब्ध कराई जाएगी।
भूमि विवाद पंजी थानाध्यक्ष रखेंगे तथा सभी भूमि विवाद आवेदनों तथा निस्तारण को अंचलाधिकारी कंप्यूटराइज्ड किया जाएगा। आदेश में यह भी कहा गया है कि वैसे भूमि विवाद मामले जिन पर विधिवत तरीके से गतिरोध की स्थिति हो तथा यह विधिवत समस्या को अपना करने की संभावना रखता हो, उस पर थाना अध्यक्ष तथा अंचलाधिकारी द्वारा दंड प्रकिया संहिता की सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत निरोधात्मक कारवाई हेतु दंडाधिकारी को विवाद के पूर्ण निवारण के साथ सूचित करेंगे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें