सुल्तानपुर
जयसिंहपुर मामूली कहासुनी के बाद मंगलवार की रात मैरीरंजीत गांव में द्वारचार के समय कन्या पक्ष के पड़ोसी ने अपने साथियों के साथ उपद्रव मचा दिया। दूल्हे के भाई समेत दो लोगों को लाठी-डंडों से पीटकर लहूलुहान कर दिया। मामले में पुलिस ने दूल्हे के पिता की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के बरौंसा मंडा गांव निवासी हृदयराम यादव के लड़के की मंगलवार को कोतवाली क्षेत्र के ही मैरी रंजीत (नथईपुर) गांव में हृदयराम के यहां बरात गयी थी। जलपान व आवभगत के बाद जब बराती रात लगभग 9 बजे द्वारपूजा के लिये कन्या पक्ष के दरवाजे जा रहे थे। तभी रास्ते में ही कन्या पक्ष के पड़ोसी राजदेव यादव से बारातियों की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गयी। आरोप है कि राजदेव अपने साथियों के साथ लाठी-डंडा लेकर बरातियों पर हमला बोल दिया। जिसमें दूल्हे के भाई राहुल (18) व उसके फुफेरे भाई अनिल (30) निवासी सेमरी महमूदपुर को गंभीर चोटें आयीं हैं। सूचना पर पहुंची यूपी 100 पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। दूल्हे के पिता ने राजदेव यादव सहित चार लोगों को नामजद करते हुये स्थानीय कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाल राम प्रताप ने बताया मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की धरपकड़ की जा रही है।
मची अफरातफरी
मारपीट की घटना शुरू होते ही बरातियों में अफरातफरी मच गयी। कुछ बराती घटना के बाद घर का रास्ता पकड़ लिये तो कुछ लोग मोतिगरपुर व जयसिंहपुर थाने की पुलिस की मौजूदगी में शादी के मंडप में डटे रहे। बताया जाता है कि आरोपी राजदेव के परिवारीजनों से कन्या पक्ष के परिवारीजनों के बीच तनातनी चल रही है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें