tikhiawaz24.in

शनिवार, 13 जनवरी 2018

सद्भावना पुल के नीचे गोमती नदी के किनारे शुक्रवार की सुबह अधेड़ की लाश पाई जाने से सनसनी

जौनपुर शहर के सद्भावना पुल के नीचे गोमती नदी के किनारे शुक्रवार की सुबह अधेड़ की लाश पाई जाने से सनसनी फैल गई। उसके सिर में गहरी चोटें थीं। हत्या का अंदेशा जताया जा रहा है। पुलिस और परिजन हादसा बता रहे हैं। शव को पुलिस ने पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का कारण साफ हो सकेगा।
शहर कोतवाली क्षेत्र के सद्भावना पुल के नीचे केरारबीर मंदिर के पास तड़के अधेड़ की लाश दिखाई पड़ने से सनसनी फैल गई। मृत अधेड़ के सिर में गहरी चोट थी। उसके पैर का कुछ हिस्सा झुलसा हुआ था। शव के पास ही रक्तरंजित पटिया पड़ी थी। शव को देखने से ऐसा लग रहा था कि अधेड़ की हत्या की गई। मौके पर जुटी भीड़ भी हत्या किए जाने का अंदेशा जता रही थी। खबर दिए जाने पर शहर कोतवाल शशि भूषण राय सहयोगियों संग मौके पर पहुंच गए। मृतक की पहचान रुहट्टा मोहल्ला निवासी आसिफ उर्फ चांद कुरैशी (45) के रूप में हुई। खबर लगने पर सीओ सिटी नृपेंद्र राय ने भी पहुंच कर मौका मुआयना किया। मृतक का बड़ा भाई हाजी सलाउद्दीन कुरैशी कोतवाली क्षेत्र के ही खोवा मंडी (रिजवी खां) में बकरा और मुर्गे के मीट की दुकान चलाता है। मृत आसिफ उर्फ चांद कुरैशी बड़े भाई की दुकान पर ही बकरा और मुर्गा काटने का काम करता था। उल्लेखनीय है कि करीब तीन साल पहले हाजी सलाउद्दीन के बेटे ने खुदकुशी कर ली थी। परिजन मौत को हादसा बताते हुए शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे। वह शव को ले जाकर दफन कर देना चाहते थे। मौत का कारण साफ हो सके इसके लिए शव को पुलिस ने पंचनामा के बाद कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे में मौत की दी तहरीर
जौनपुर मे मृत आसिफ उर्फ चांद कुरैशी के बेटे आमिर ने कोतवाली में दी गई तहरीर में कहा है कि उसके पिता की मौत हादसे में हुई है। उसका पिता शराब पीने का आदती था। वह आए दिन देर रात नशे में धुत होकर घर लौटता था। उसने तहरीर में अंदेशा जताया है कि शराब के नशे में ही पटिया पर गिरने से सिर में चोट आने से उसकी मौत हो गई। कोतवाल शशि भूषण राय ने कहा कि घटनास्थल के निरीक्षण से प्रतीत हुआ कि नशे की हालत में पटिया पर गिरने से सिर में आई चोट से उसकी मौत हुई। वहीं जल रहे अलाव पर पड़ने से पैर झुलस गया। मौत का कारण स्पष्ट हो सके, इसके लिए शव को पोस्टमार्टम मे भेजा गया था।उसके बाद शव को परिजनों को सौपा गया परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार देर शाम ईदगाह कब्रिस्तान पर कर दिया।

कोई टिप्पणी नहीं: