tikhiawaz24.in

शनिवार, 13 जनवरी 2018

बिजली विभाग ने चोरी रोकने और अधिक से अधिक राजस्व प्राप्ति के लिए कड़ा रुख अपनाया

जौनपुर  बिजली विभाग ने चोरी रोकने और अधिक से अधिक राजस्व प्राप्ति के लिए कड़ा रुख अपनाया है। फर्जी रीडिग करने पर रीडरों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। बिजली चोरी रोकने के लिए गांव व शहर में मीटर लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। सबसे अधिक राजस्व को क्षति पहुंचाने वाले सरकारी कार्यालय व आवास भी विभाग के निशान पर है। इसी कड़ी में नगर पालिका क्षेत्रों में जलने वाली स्ट्रीट लाइटों को मीटर से जोड़ा जा रहा है।
नगर पालिका परिषद जौनपुर के क्षेत्र में पांच हजार खंभे हैं। आठ नए वार्डो में अब इनकी संख्या धीरे-धीरे बढ़ेगी। नगर पालिका क्षेत्रों में अभी तक प्रत्येक खंभों के हिसाब से बिजली का भुगतान फिक्स हुआ करती थी। नगर पालिका परिषद के अंर्तगत जलने वाली सालभर की बिजली का भुगतान शासन स्तर पर जमा कर दिया जाता था। अब भी वैसे ही होगा सिर्फ प्रत्येक खंभों के बीच आधुनिक मीटर लगा दिया जाएगा। इससे यह पता चल सकेगा कि सड़कों, सार्वजनिक स्थलों पर कितनी बिजली प्रयोग में लाई जा रही है। यह घरेलू मीटर से अलग तरह का होगा। एक माह में इसपर काम शुरू होगा। विभाग बोल रहा है कि जल्द कार्य पूरा हो जाएगा। ईओ ने कहा कि इस तरह की योजना है, बिजली विभाग को मीटर लगाना है। बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता एके सनौरिया ने कहा कि खंभे पर एक ही प्वाइंट पर मीटर लगेगा, जल्द काम शुरू होगा।

कोई टिप्पणी नहीं: