यूपी के अधिकांश हिस्सों में दिन का तापमान बढ़ने से मौसम खुशगवार हो गया है। मगर एक-दो दिन में सूबे के विभिन्न भागों में बदली और बूंदाबांदी होने से ठंड फिर लौटने की सम्भावना है।
आंचलिक मौसम केन्द्र के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने आज बताया कि 23 तारीख को प्रदेश के विभिन्न भागों में बदली और बारिश हो सकती है। इससे ठंड कुछ समय के लिये पुराने रंग में आ सकती है। बहरहाल, फिजा में गलन काफी कम हो जाने और चटख धूप निकलने से दिन का तापमान बढ़ा है।
राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में आज भी सुबह से ही धूप निकली और दिन परवान चढ़ने के साथ ही यह और तेज होती गयी। हालांकि दिन ढलने के साथ ही ठंड का एहसास बढ़ता गया।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ पूर्वी हिस्सों में शीतलहर का असर बना रहा। इस दौरान अनेक इलाकों में घना कोहरा भी गिरा। रविवार को गोरखपुर मण्डल में अधिकतम तापमान में खासी बढ़ोत्तरी हुई। वहीं आगरा और मेरठ में इसमें काफी गिरावट आयी। वाराणसी, मुरादाबाद तथा झांसी मण्डलों में दिन का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटों के दौरान बरेली, आगरा तथा मेरठ मण्डलों में रात के तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गयी। फैजाबाद, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद तथा मेरठ मण्डलों में यह सामान्य से नीचे रहा। इस अवधि में मुजफ्फरनगर राज्य का सबसे ठण्डा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ पूर्वी भागों में घना कोहरा गिरने की सम्भावना है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें