tikhiawaz24.in

बुधवार, 19 अक्टूबर 2016

तीखी आवाज़

दूसरे बैंकों के एटीएम से पैसा निकालने वाले हो जाएं सावधान

नई दिल्‍ली। भारतीय स्‍टेट बैंक (SBI) ने सुरक्षा कारणों के चलते अपने लगभग 6 लाख खाता धारकों के एटीएम कार्ड ब्लाक कर दिए हैं

एसबीआई का कहना है कि जल्द ही वह सभी को नए कार्ड जारी कर दिया जाएगा। बैंक की तरफ से बताया गया कि इतने सारे कार्ड ब्लॉक करने का फैसला किसी वायरस से संबंधित सुरक्षा कारणों से लिया गया था।

टीओआई की खबर के मुताबिक, बैंक की तरफ से कहा गया है कि वायरस एसबीआई एटीएम नेटवर्क पर नहीं था। इस वजह से इसका असर सिर्फ उन लोगों के एटीएम पर पड़ा जो दूसरे बैंकों के एटीएम से भी पैसा निकाला करते थे।

टीओआई को चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर (सीटीओ) शिव कुमार भसीन ने बताया कि उन लोगों को कोई फर्क नहीं पड़ेगा जो सिर्फ एसबीआई के एटीएम का इस्तेमाल करते हैं।

एटीएम पिन हैक करके यह ठगी की जाती

उन्होंने यह भी कहा कि अगर कार्ड ब्लॉक ना किए जाते तो कार्ड से जानकारी चुराकर कई लोगों के साथ ठगी की जा सकती थी। भसीन ने बताया कि इस तरह की समस्‍या का सामना दूसरे बैंक भी कर सकते हैं।

साथ ही दूसरे बैंक भी अपने ग्राहकों को बैंक का एटीएम पिन बदलने के लिए कह सकते हैं। उन्‍होंने बताया कि ग्राहकों का एटीएम पिन हैक करके यह ठगी की जाती है।

जुलाई 2016 के तथ्‍यों के आधाार पर देश भर में 20.27 करोड़ एक्टिव एटीएम कार्ड थे। साथ ही एसबीआई के सहयोगी बैंकों के एक्टिव डेबिट कार्ड की संख्‍या 4.75 करोड़ हैं।

केरल में दर्ज हुआ था पहला ऐसा मामला

आपको बताते चलें कि पीटीआई की खबर के मुताबिक एक महिला जिसका बैंक खाता स्‍टेट बैंक ऑफ त्रावणकोर में था। उसके बैंक खाते से किसी ने 55,000 रुपए निकाल लिए थे। यह रुपए दो अलग-अलग तारीखों को निकाले गए थे।

जब पुलिस ने इस मामले की जांच की तो यह जानकारी सामने आई कि एसबीआई के विदेश में स्थित एटीएम से यह पैसे निकाले गए हैं। इसके कुछ महीने बाद ही किसी और ने भी एटीएम से पैसे गायब होने की शिकायत दर्ज कराई।

कोई टिप्पणी नहीं: