*परिवार और पार्टी एक, अखिलेश तय करेंगे बर्खास्त मंत्रियों की वापसी : मुलायम*
लखनऊ (जेएनएन)। सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने मंगलवार को मीडिया से मुखातिब होकर दावा किया कि परिवार-पार्टी एकजुट है मगर उन्होंने एकजुटता का फार्मूला नहीं बताया। अलबत्ता, यह जरूर दोहरा दिया कि चुनाव में बहुमत मिलने पर विधायक ही मुख्यमंत्री चुनेंगे क्योंकि लोकतांत्रिक दलों का यही तरीका है। मुलायम ने शिवपाल सिंह यादव सहित चारों बर्खास्त मंत्रियों की मंत्रिमंडल में वापसी का फैसला मुख्यमंत्री पर छोड़ दिया है। मुलायम ने प्रो. रामगोपाल यादव के लिए पार्टी के दरवाजे बंद होने का स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि 'मैं, उनकी बातों को अब महत्व नहीं देता।
पार्टी की कलह के 44वें दिन मंगलवार को मुलायम फिर मीडिया से मुखातिब हुए तो पहले अपना लिखित बयान पढ़ा और फिर सवालों के जवाब में दावा किया कि'हमारा परिवार और पार्टी एकजुट हैÓ। कहा, पूछते रहिए कुछ भी ऐसा नहीं बोलूंगा जो विवादित हो, इसीलिए अपनी बात लिखकर लाया था। सपा के अगले मुख्यमंत्री के सवाल पर मुलायम ने कहा कि हमारी पार्टी लोकतांत्रिक है और विधान मंडल दल मुख्यमंत्री चुनता है। अभी बहुमत लाने का प्रयास है, जब बहुमत होगा तो विधायक, मुख्यमंत्री चुन लेंगे। मुलायम ने यह भी जोड़ा कि दिल्ली की सरकार बनाते समय भी यही होता है, आपस में चुन लिया जाता है, मगर एप्रूवल सांसदों से ही लिया जाता है। पार्टी के चेहरे के सवाल पर कहा कि चुनाव से पहले इसकी घोषणा हो जाएगी। अखिलेश अभी मुख्यमंत्री हैं, उन्हें विधायकों ने चुना है। अभी बहुमत लाना है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें