जौनपुर सिंगरामऊं - क्षेत्र में अधिकांशत: लोग बिजली का अवैध तरीके से उपभोग कर रहे हैं। इसकी वजह से आपूर्ति के लिए गांवों में लगाए गए अधिकांश ट्रांसफार्मर ओवरलोडेड हैं। अधिक लोड होने की वजह से आपूíत करने वाले तार भी गलकर टूट रहे हैं। इससे आए दिन आपूर्ति बाधित रहती है। कटियामारी कर बिजली का उपभोग करने वाले लोगों का खामियाजा गॉव के वैध कनेक्शनधारकों को भुगतना पड़ रहा है। रोस्टर के मुताबिक आपूर्ति न मिलने से कृषि और व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। शायद इस ओर अधिकारियों का ध्यान नहीं जा रहा है, तभी तो समस्या दिनों दिन बढ़ती जा रही है।
बिजली विभाग के लिए कटियामारी करने वाले लोग चुनौती बने हुए हैं। अवैध तरीके से बड़े पैमाने पर बिजली का उपभोग होने के कारण आपूर्ति की सारी व्यवस्था क्षेत्र में चरमरा गई है। विद्युत उपखंड केंद्रों से लेकर गांवों में लगाए गए ट्रांसफार्मर ओवरलोड हो गए हैं। यही वजह है कि आए दिन ट्रांसफार्मर जल रहे हैं और तार गल रहे हैं। इससे लोकल फाल्ट की समस्या बनी हुई है। ट्रांसफार्मर फुंकने की सूचना के बाद भी विभागीय अधिकारी व कर्मचारी इस ओर ध्यान नहीं देते हैं। इससे संबंधित स्थानों पर जल्दी आपूर्ति बहाल नहीं हो पाती। यही नहीं विद्युत व्यवस्था बेपटरी होने की वजह से रोस्टर के मुताबिक आपूर्ति की चाह करना बेमानी साबित हो रहा है। क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों में लागू किए गए रोस्टर के मुताबिक आपूर्ति न होने की वजह से व्यापार व उद्योग धंधे तथा कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसकी शिकायत किसानो ने कई बार विद्युत विभाग के आला अधिकारी व जिला प्रशासन से कई बार की। इसके बाद भी व्यवस्था सुधार के लिए अभियान नहीं चलाया जा रहा है। इससे उपभोक्ताओं में विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों के प्रति खासा असंतोष व्याप्त है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें