प्रतापगढ़ :-घर के बाहर नालें में डूबा किशोर ==================
कुंडा इलाके में बुधवार को दो किशोर घर के बाहर नाले में डूब गए। दोनों नहाने के लिए गए थे। एक का शव लोगों ने खोज निकाला। दूसरे की ग्रामीण खोजबीन करते रहे। खबर मिलने पर परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। गांव के लोग परिवार के लोगों को संभालते रहे। नरसिंहगढ़ निवासी राजेंद्र का तेरह वर्षीय बेटा सनी अपने साथी बाबा (13) पुत्र दिलीप निवासी समापुर के साथ खेलने गया था। खेलने के बाद दोनों घर के करीब से गुजरे नाले में नहाने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो नहाने के दौरान अचानक बाबा डूबने लगा। जिसे बचाने के लिए सनी दौड़ा। बाबा के साथ वह भी डूबने लगा। यह देख आसपास नहा रहे दूसरे बच्चों ने शोर मचाया।
शोर सुनकर पड़ोस के लोग दौड़ पड़े। लोगों के पहुंचने से पहले ही दोनों गहरे पानी में समा चुके थे। ग्रामीण उनकी खोजबीन करने के लिए नाले में उतर गए। इस बीच बाबा का शव ग्रामीणों ने खोज निकाला। जबकि सनी की तलाश में ग्रामीण नाले में डूबते उतराते रहे। अंधेरा होने के बाद वाहनों की रोशनी में लोग सनी की तलाश करते रहे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। मौके पर पहुंचे परिजनों के करुण कंदन से हर किसी की आंखें नम हो गईं।
प्रतापगढ़ =सई नदी पुल किया गया बंद=============
पिछले दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश से सई नदी उफान पर है। दो दिनों से भारी बारिश होने से सई नदी का जलस्तर बढ़ना शुुरू हो गया है। बेल्हा देवी धाम के बगल सई नदी का पानी अगल-बगल के कुछ घरों में पहुंच गया है। जबकि दूसरे छोर पर पानी बराछा जंगल के आधे हिस्से में प्रवेश कर चुका है। जिससे लोगों के दिलों की धड़कने बढ़ गई है। वहीं दिलीपपुर रोड स्थित कादीपुर घाट में पानी बढ़ने से लोग परेशान हो गए हैं।
घाट का बढ़ा पानी आस-पास के विद्यालयों व घरों तक पहुंच गया है। वहीं सांगीपुर स्थित वीरशाहपुर घाट का पानी भी गांव की तरफ बढ़ना शुरू हो गया है। जबकि घुइसरनाथ इलाके में सई नदी का जलस्तर बढ़ने से पानी लगभग पुल तक पहुंच गया। खतरे की आशंका को देख तहसील प्रशासन ने पुल से आवागमन रोक दिया। जिला प्रशासन ने थानाध्यक्षों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पता लगाने का निर्देश दिया है। साथ ही उन इलाकों में ऐहतियात बरतने को कहा गया है, जहां पर पानी बस्ती व गांव की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में थानों की पुलिस की हर दिन नदी के किनारे बसे गांवों की जांच पड़ताल कर रिपोर्ट जिला प्रशासन को देनी है
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें