प्रतापगढ़
युवक की मौत पर अस्पताल में तोड़फोड़
युवक की मौत से नाराज परिजनों ने एक निजी अस्पताल में जमकर हंगामा किया। इस दौरान चिकित्सक के सहायक से मारपीट करते हुए कुर्सी, मेज भी तोड़ दी गई। चिकित्सक उठकर दूसरी तरफ चले गए इससे उनकी जान बच गई। बाद में पुलिस आने की सूचना पर वह लोग भाग निकले।
कोतवाली क्षेत्र के रहवई गांव निवासी फैजल (18) पुत्र जुबैद अहमद को कई दिन से बुखार आ रहा था। इसका इलाज वह कुंडा के अस्पताल रोड स्थित एक निजी चिकित्सक से करा रहा था। गुरुवार को उसकी हालत कुछ ज्यादा खराब हुई तो परिजन उसे लेकर निजी चिकित्सक के क्लीनिक पर आए। परिजनों ने हालत खराब होने के कारण उसे तुरंत देखने को कहा लेकिन चिकित्सक ने नंबर पर आने की बात कही। थोड़ी देर बाद नंबर आया तो फैजल की हालत और भी खराब हो चुकी थी। चिकित्सक ने उसे देखने के बाद सीएचसी कुंडा के लिए रेफर कर दिया। सीएचसी कुंडा में भर्ती कराने के कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। इससे परिजन बिलख पड़े।
यही नहीं उनके अंदर आक्रोश भर गया और वह गांव के कुछ लोगों के साथ निजी चिकित्सक के क्लीनिक पर पहुंचे और जमकर हंगामा किया। इस दौरान कुर्सी मेज तोड़ दी गई और चिकित्सक के सहायक की पिटाई भी कर दी गई। चिकित्सक उठकर वहां से भाग निकले। बाद में पुलिस आने की सूचना पर वह लोग वहां से चले गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें