.प्रतापगढ़
चालक-खलासी को बंधक बना डेढ़ लाख नकदी व ट्रक लूटा
जिले में चालक व खलासी को बंधक बनाकर ट्रक लूटने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। कुछ दिन पूर्व रानीगंज व कंधई क्षेत्र में एक ही दिन दो घटनाएं हुई थीं। बुधवार की रात भी ऐसी ही एक वारदात रानीगंज व लालगंज के बीच हुई। कार सवार चार बदमाशों ने चालक व खलासी को बंधक बनाकर ट्रक व उनके पास से एक लाख चालीस हजार रुपये तथा मोबाइल लूट लिया। दोनों को लालगंज थाना क्षेत्र में छोड़कर बदमाश फरार हो गए। गुजरात से टायल्स लदी ट्रक जौनपुर जिले के बादशाहपुर में बुधवार की रात अनलोड हुई। ट्रक को कानपुर से ईंट लादकर छत्तीसगढ़ जाना था। ट्रक पर चालक शिवराज सिहं निवासी शैरी बलदेव टीकमगढ़ व खलासी सुनील निवासी पृथ्वीपुर टीकमगढ़ रहे। दोनों ट्रक लेकर बादशाहपुर से चले तो महालक्ष्मी फिलिंग स्टेशन रानीगंज में दस हजार रुपये का डीजल भराया। वे आगे बढ़े तो लगभग आठ किमी आने के बाद सफेद रंग की इंडिगो कार सवार चार लोगों ने गाड़ी आगे लगाकर ट्रक रोक लिया। उनमें से उतरे चार लोगों ने चालक व खलासी को गाड़ी से उतार लिया और एक ट्रक पर चढ़ गया। तीन लोगों ने दोनों को कार में बंधक बनाकर पीछे बिठाकर लालगंज की ओर ले गए। लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के रामपुरबावली के पहले वैश्य का पुरवा स्थित कोल्ड स्टोरेज के पास दोनों को कार से उतारकर पैंट उतरवाकर खंभे से बांध दिया। जेब से एक लाख चालीस हजार रुपये लूट कर जिधर से आए थे उधर ही वापस लौट गए। गुरुवार को भोर में ही घटना की सूचना चालक व खलासी ने कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी। चालक व खलासी को पिरथीगंज पुलिस चौकी ले जाकर घटना के बावत पूछताछ की गई। शहर कोतवाल हरपाल सिहं यादव ने बताया कि चूंकि ट्रक चालक शिवराज ¨सह व खलासी सुनील लालगंज क्षेत्र में बंधे मिले थे इस कारण मुकदमा लालगंज कोतवाली में लिखा गया है। लालगंज कोतवाल बीपी त्रिपाठी ने बताया कि चालक शिवराज सिंह की तहरीर पर चार अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें