tikhiawaz24.in

गुरुवार, 2 मार्च 2017

ट्रांसफार्मर दगा, सात बच्चों समेत नौ झुलसे

सुल्तानपुर

धम्मौर थानाक्षेत्र के लाखीपुर (मूसेपुर) गांव में बुधवार की देरशाम दर्दनाक हादसा हो गया। आबादी क्षेत्र में लगे बिजली के ट्रांसफार्मर में अचानक विस्फोट हो गया। उसका मलबा व तेल दूर तक फैल गया। जिसकी चपेट में आने से सात बच्चों समेत नौ लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पांच लोगों की हालत गंभीर बताकर चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। हादसे के शिकार हुए दो बच्चों की हालत नाजुक है। लाखीपुर ग्राम सभा के मूसेपुर गांव में बासुदेव के नलकूप के पास खड़ंजा मार्ग के किनारे ट्रांसफार्मर लगा है। बुधवार की शाम करीब साढ़े छह बजे बिजली आपूर्ति शुरू हुई तो ट्रांसफार्मर में शार्ट-सर्किट होने लगी। जिससे आपूर्ति ठप हो गई। थोड़ी ही देर में दोबारा बिजली आई तो ट्रांसफार्मर दग गया। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि ट्रांसफार्मर का मलबा व तेल दूर तक फैल गया। जिसकी चपेट में आने से विकास (12) पुत्र विनोद, पूजा (8) पुत्री विनोद, साहिल (12) पुत्र अकबर, बिब्बो (16) पुत्री सरताज अली, सरताज अली (45) पुत्र आशिक अली, समीर (3) पुत्र इसरार अली, अनन्या उर्फ शहर बानों (4) पुत्री इसरार अली, महेश (11) पुत्र रनबहादुर व सुमित (10) पुत्र रंजीत गंभीर रूप से झुलस गए। धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। निजी वाहनों से सभी घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां विकास, साहिल, बिब्बो, समीर व अनन्या का प्राथमिक उपचार करने के बाद लखनऊ रेफर कर दिया गया। विकास व साहिल की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। आपातकालीन सेवा में तैनात चिकित्सक अनुराग पांडेय ने बताया कि दोनों बच्चों का शरीर 100 फीसद झुलस गया है।

सूचना के बाद भी नहीं पहुंची दमकल

ट्रांसफार्मर में शार्ट-सर्किट शुरू हुई तो ग्रामीणों ने 101 नंबर डायल करके अग्निशमन विभाग को सूचित किया था। साथ ही बिजली विभाग के क्षेत्रीय पावर हाउस पर भी इसकी सूचना दी गई। लेकिन घंटों बाद भी मौके पर न तो फायर टेंडर पहुंचा और न ही बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी। जिम्मेदार महकमों की इस कार्यशैली से क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है।

कोई टिप्पणी नहीं: